यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू होंगी। नकल विहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तीन सचल दल बनाए हैं। कुल 42 परीक्षा केंद्रों में से 12 को संवेदनशील केंद्रों की सूची में रखा गया हैं। जिनकी निगरानी के लिए पीएसी टीम के साथ सचल दल निरीक्षण करेगा। इस बार हाईस्कूल में 14,931 और इंटरमीडिएट में 11,141 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
डीआईओएस मो. रफीक ने बताया कि पिछली परीक्षा में परीक्षा केंद्र बने भरतकूप, शिवरामपुर व बेडीपुलिया के तीन इंटर कालेजों को केंद्र की सूची से बाहर कर दिया गया था। इस वर्ष 12 संवेदनशील केंद्र हैं। संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को प्रवेश-पत्र बांट दिए गए हैं। जिन्हें नहीं मिले हैं, वह परीक्षा के दिन भी अपने विद्यालय जाकर प्रवेश-पत्र ले सकते हैं।