चित्रकूट। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के फेस एक के दो साल बीतने के बाद भी सभी लाभार्थियों ने आवास नहीं बनाए हैं। नगर पालिका सहित सभी नगर पंचायतों में 7932 में से 7554 ने आवास पूर्ण कर लिया है, लेकिन 378 लाभार्थी पहली व दूसरी किस्त लेने के बाद भी आवास नहीं बना रहे हैं। विभाग अब इनसे रिकवरी की तैयारी में जुटा है। जल्द ही नोटिस जारी कर धनराशि वसूली की जाएगी।
नगर पालिका कर्वी, नगर पंचायत राजापुर, मानिकपुर, मऊ में 7993 प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) फेस एक के तहत आवास स्वीकृत हुए थे। 7932 पात्रों को आवास दिए गए थे। इसमें से 7554 लाभार्थियों ने तो आवास पूरा कर लिया है। 378 लाभार्थी पहली किश्त के 50 हजार और दूसरी किश्त के डेढ़ लाख रुपये तो ले लिया लेकिन दो साल बाद भी आवास का निर्माण पूरा नहीं किया है।
आवास का निर्माण पूरा होने के बाद इनको 50 हजार रुपये की तीसरी किश्त दी जानी है। नगर पालिका कर्वी में 190, नगर पंचायत मऊ में 33, मानिकपुर में 78, राजापुर 77 के लाभार्थियों ने आवास नहीं बनाया है। डूडा के प्रभारी राजेश पाठक ने बताया कि 7932 में से 378 लाभार्थियों ने आवास का निर्माण पूरा नहीं किया है। ये दो साल से पहली व दूसरी किस्त लेकर बैठे हैं। नोटिस जारी किया जा चुका है। जुलाई तक निर्माण पूरा न करने पर रिकवरी कराई जाएगी। रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा सकती है।