चित्रकूट। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जनता को अब प्रयागराज और बांदा मेडिकल कॉलेज तक भाग-दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें यह सुविधा अब उनके जिले में ही मिलेगी। ये सहूलियत देने के लिए धर्मनगरी चित्रकूट में 300 शैय्या के मेडिकल कॉलेज बनेगा। इसके लिए प्रशासन से जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने की नसीहत दी है।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विकास और कानून व्यवस्थाओं की समीक्षा कर प्रगति ली। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मेडिकल कॉलेज की कमी का मुद्दा उठा। इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश दिए कि वे जनपद में 300 शैय्या के मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए जमीन का चयन करें और इसका प्रस्ताव बनाकर जल्द ही भेजें, जिससे कि उसे मंजूरी दी जा सके।
बताते चलें कि मेडिकल कॉलेज को लेकर जिले के लोगों की काफी समय से मांग लंबित चल रही थी। इसे लेकर युवाओं ने धरना प्रदर्शन, कफन आंदोलन आदि चलाया था। वहीं व्यापारी विनोद केसरवानी की अगुवाई में दिसंबर में कर्वी से कलक्ट्रेट तक जुलूस भी निकाला गया था। मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव मांगे जाने से लोगों में खुशी की लहर है।
यह मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, साथ ही गंभीर बीमारियों के इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता हो सकेगी। यह प्रदेश के युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर भी खोलेगा।