चित्रकूट। कोरोना संक्रमण काल में पेरोल पर जेल से बाहर आए बंदियों को कुछ दिन और घर समाज में रहने का मौका मिल गया है। जिला जेल रगौली से 24 बंदियों को 8 सप्ताह की फिर छूट मिली है। अब ऐसे बंदियों को 14 नवंबर को फिर से जेल में हाजिरी दर्ज कराने आना होगा। यह चौथा मौका है जिसमें यह अवधि बढ़ाई गई है।
लॉकडाउन के दौरान अप्रैल माह में पारित इस आदेश के तहत 25 बंदियों को घर जाने की छूट मिली थी। जेल अधीक्षक श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि अदालत के आदेश पर छोड़े गए 25 बंदियों में एक रिहा हो चुका है। अन्य 24 बंदियों का छूट का समय समाप्त होने पर बुधवार को जिला जेल में हाजिर हुए।
जेल अधीक्षक ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए अदालत ने ऐसे बंदियों को फिर से 8 सप्ताह की घर समाज में रहने की छूट दी है। इस निर्णय के अनुसार अब इन बंदियों को 14 नवंबर को पेश होना पड़ेगा। इन सभी की हाजिरी के बाद घर जाने दिया गया है।