चित्रकूट। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने गांवों के किसानों की जमीन का बैनामा होने के बाद भी धनराशि नहीं मिल रही है। किसानों ने एसडीएम से दुखड़ा सुनाया। किसानों ने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन का बैनामा कराने के बाद जो कागजात दिए जा रहे हैं। उसमें स्पष्ट लिखा है कि जमीन बेचने वाले ने धनराशि प्राप्त कर ली है। जबकि कहा जाता है कि खाते में एक सप्ताह बाद धनराशि पहुंच जाएगी।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस के लिए जिले के शिवरामपुर व भरतकूप क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव लिए गए हैं। जिस किसान की जमीन सड़क किनारे पड़ रही है। उस किसान से जमीन का बैनामा प्रशासनिक अधिकारी करा रहे हैं। जिन किसानों की जमीन का बैनामा कराया जाता है उनके खाते में धनराशि भेजने की बात कही जा रही है। मंगलवार को भरतकूप क्षेत्र के पहरा गांव के किसान लालमन, छेदीलाल, भागवत, बद्री प्रसाद, हुसैन आदि ने एसडीएम इन्दु प्रकाश सिंह से मिलकर दुखड़ा सुनाया। कहा कि उनकी जमीन का बैनामा तो करा लिया गया लेकिन अभी इसकी धनराशि नहीं दी जा रही है। कहा जा रहा है कि बैंक के खाते में एक सप्ताह में धनराशि पहुंच जाएगी। जिससे वह परेशान हैं। इस मामले में एसडीएम इंदु प्रकाश ने कहा कि चिंता करने की जरूरत नहीं है। जिस किसान ने जमीन बेची है एक सप्ताह के अंदर उसके खाते रुपये भेजे जाएंगे।
एक्सप्रेस-वे की जमीन का करा लिया बैनामा, नहीं मिला भुगतान
- परेशान किसानों ने एसडीएम को सुनाया दुखड़ा
ॅ