डीएम ने रैन बसेरों की जानी हकीकत
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने शनिवार की रात रैन बसेरा, सामुदायकि केंद्र, चिन्हित स्थानों पर अलाव की स्थिति, ओवर लोडिंग वाहनों की स्थिति आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण में हकीकत जानी और अधिकारियों से जानकारी ली।
अमर उजाला में रैन बसेरा की दयनीय हालत की खबर छपने के बाद जिलाधिकारी ने बस स्टैंड पर बने रैन बसेरा को देखा। जिस पर नगर पालिका को निर्देश दिए कि इसकी साफ-सफाई व चारो ओर इसकी कवरिंग कराकर इसमें गद्दे, रजाई की व्यवस्था तत्काल किया जाय और लोगों के लिये रैन बसेरा की जानकारी हेतु बोर्ड भी स्थापित किया जाय। उन्होंने धुस मैदान सामुदायिक केन्द्र बंद मिलने पर नगर पालिका इंस्पेक्टर को फ टकार लगाई। कहा कि आज ही खुलवा कर इसमें सभी व्यवस्थाएं निश्चित करें, यदि अब और इस कार्य में देरी हुयी, तो सख्त कार्यवाही की जायेगी। भ्रमण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कर्वी को उपस्थित न पाये जाने पर अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि इनको कल ही तलब किया जाय। बेड़ी पुलिया चौराहे पर अलाव का चिन्हित स्थान व ट्रकों की ओवर लोडिंग का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने पूर्व में बैरियर चौकी (खनिज रवन्ना संग्रह केंद्र) शिवरामपुर के पास हाईवे में ओवर लोडिंग ट्रकों की जानकारी ली। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि टीम बनाकर रात-दिन ओवर लोडिंग वाहनों को चेक किया जाय। किसी भी दशा में ओवर लोडिंग नही होनी चाहिए। टीम के साथ उप जिलाधिकारी व खनन अधिकारी साथ में रहेंगे इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए उन्होंने खनन अधिकारी को निर्देश दिए कि क्रेशर व पट्टाधारकों के ओवर लोडिंग वाहनों को चेक करें। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, उप जिलाधिकारी इन्दुप्रकाश, तहसीलदार,खनन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।