चित्रकूट- खोही। राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 210 जोड़े विवाह के बंधन में बंधे। प्रभारी मंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग मनोहर लाल जी( मन्नू कोरी) ने सभी जोड़ो को एक एक पौधा व घरेलू सामाग्री देकर आशीर्वाद दिया।
प्रभारी मंत्री ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि रामायण मेला दरबार में विवाह हो रहा है, इसमें प्रभु श्री राम भी गवाह के रूप में है। प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, शौचालय, खाद्यान्न, जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल जल योजना, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष भाजपा लवकुश चतुर्वेदी ने कहा कि सभी जोड़े एक दूसरे से प्रेम स्नेह बनाकर जीवन को सफल बनाकर रहें। जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने बताया कि हिंदू धर्म के अलावा बौद्ध धर्म के भी 15 जोड़ाें ने विवाह किया है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसडीएम राकेश कुमा
र पाठक, मोहम्मद जसीम, सीओ नगर राजकमल, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, एआईजी स्टांप श्याम सुंदर, सहायक निदेशक मत्स्य भानु चंद्रा, डीपीओ पंकज कुमार मिश्रा, श्रमायुक्त आरके गुप्ता, बीडीओ शैलेंद्र सिंह, मऊ ओम प्रकाश, नगर पंचायत मानिकपुर भारत सिंह, राजापुर बालकृष्ण गौतम मौजूद रहे।