यूपी के चित्रकूट जिले में जाम में ई-रिक्शा फंसने और अस्पताल पहुंचने में देर होने से आठ माह की बच्ची की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बीमार बच्ची को लेकर अस्पताल जाते समय ई-रिक्शा जाम में फंस गया। डेढ़ किलोमीटर दूर अस्पताल तक पहुंचने में आधा घंटे से अधिक का समय लगने से बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के पिता ट्रांसपोर्ट नगर मोहल्ला निवासी अजय पटेल ने बताया कि उसकी आठ माह की पुत्री अर्पिता की तबीयत खराब थी। जिसको इलाज के लिए सोमवार की रात को जिला अस्पताल ले जा रहे थे। चित्रकूट इंटर कॉलेज के पास सामने से बरात आ रही थी।
विज्ञापन
वहीं हनुमानधारा-कर्वी मार्ग पर नो एंट्री भी खुल गई थी। इससे उसका ई-रिक्शा जाम में फंस गया। डेढ़ किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचने में उसे लगभग आधे घंटे से ज्यादा समय लग गया, वह बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के पिता अजय पटेल ने आरोप लगाया कि जाम लगने के कारण समय से इलाज कराने अस्पताल नहीं पहुंच पाए और उसकी पुत्री की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना नहीं मिली है। यदि कोई तहरीर देगा, तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।