संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जिले में बुधवार को एक कालेज के प्रधानाचार्य व उनकी पत्नी समेत कुल 20 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। अब पॉजिटिव की कुल संख्या 1037 हो गई है। जिले में पहले से पॉजिटिव मरीजों में 30 ने यह जंग जीतकर घर वापसी की है। एक्टिव केस 211 बचे हैं।
सीएमओ डा. विनोद कुमार यादव ने बताया कि बुधवार को कुल 20 लोग पॉजिटिव मिले हैं। 1014 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। मुख्यालय के कुछ स्थानों पर सैनिटाइजिंग किए जाने के काम में लापरवाही सामने आई है। बुधवार को शहर के पुरानी बाजार निवासी ने बताया कि 48 घंटे से उनके घर दुकान को सैनिटाइज नहीं किया गया जबकि उनके घर में एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बस लकड़ी से बैरीकेटिंग करा दी गई। इस संबंध में सीएमओ ने कहा कि मामले में पूछताछ की जा रही है।