फोटो - 8- मऊ के चंदई गांव के दंपति की मौत के बाद उनके घर के बाहर बैठे शोकाकुल परिजन।
- फोटो : CHITRAKUTT
मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र चंदई गांव निवासी दंपति लकड़ी बीनने गए थे। लेकिन ग्राम छिवलहा के पंचमुड़ा जंगल में उनके शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई जबकि पुलिस का मानना है कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दंपति की मौत हुई है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। अपर एसपी पीएस पांडेय ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिजली गिरने से ही मौत की पुष्टि हुई है।
तिलौली ग्राम पंचायत के चंदई गांव निवासी शिवलाल रैदास (45) पुत्र रजवा व उसकी पत्नी सरोज (40) छिवलहा घाटी के जंगल में मंगलवार की दोपहर को लकड़ी बीनने गए थे। उनके साथ गए अन्य लोग शाम को गांव लौट आए लेकिन पति-पत्नी नहीं लौटे। शिवलाल के भाई रामलाल ने बताया कि अंधेरा होने पर परिजन ग्रामीणों के साथ ढूंढने निकले। पहले रास्ते में शिवलाल की साइकिल पड़ी मिली। आगे जंगल की ओर जाने पर एक पेड़ के नीचे पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। यह देखकर हड़कंप मच गया। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका पर पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल, एसडीएम राजबहादुर थानाप्रभारी सुभाष चौरसिया के साथ मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली।
परिजनों ने मौके पर मिले शवों की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई है। लेकिन किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कराकर रात में ही मुख्यालय भेज दिया। बुधवार को दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया गया। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिजली गिरने से ही मौत की पुष्टि हुई ।
बसपा नेताओं का रहा जमावड़ा
चित्रकूट। चंदई गांव निवासी शिवलाल रैदास बसपा कार्यकर्ता था। उसके व उसकी पत्नी की मौत की जानकारी होने पर बसपा जिलाध्यक्ष शिवबाबू वर्मा समेत चित्रकूटधाम मंडल के कई बसपा नेता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सभी ने मृतक के परिजनों को ढंाढ़स बंधाया। मृतक सात भाइयों में चौथे नंबर का था। इसके तीन पुत्र एक पुत्री है। ग्रामीणों ने बताया कि शिवलाल के घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। संवाद