राजापुर (चित्रकूट)। प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी के मंगलवार को पहाड़ी विकास खंड के चिल्लामाफी गांव व कुचारम गांव के कोटे की दुकानों में कई कमियां मिली थीं। जिस पर राज्यमंत्री ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश डीएसओ को दिए हैं। डीएसओ ने पूरे मामले की जांच रिपोर्ट डीएम कार्यालय भेजी है।
जिलापूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने बताया कि चिल्लमाफी गांव में कोटेदार अवधेश के यहां कई तरह की कमियां मिली। जिसमें अंगूठा लगाने के बाद राशन सामग्री न देना सहित घटतौली आदि की ग्रामीणों ने शिकायत किया। यहां गेहूं चावल का स्टाक भी सही नहीं मिला था। इसी प्रकार कुचराम गांव के कोटेदार अभिलाष सिंह के कोटे की भी जांच किया। जहां पर ग्रामीणों को राशन सामग्री न देने व अन्य कमिया पाई गई। निर्धारित स्टाक में गड़बड़ी मिली। जिला पूर्ति अधिकारी अधिकारी ने बुधवार को बताया कि राज्यमंत्री ने दोनों कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की पूरी रिपोर्ट डीएम कार्यालय भेजी गई है। डीएम के आदेश के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अपर आयुक्त ने पॉश मशीन चलाकर देखी
राजापुर। राज्यमंत्री के दौरे के बाद बुधवार को खाद एवं रसद विभाग के अपर आयुक्त अनिल दुबे ने राजापुर के चिल्लीमल, मुख्यालय के बनकट व चकौंध की राशन की दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। चिल्लीमल गांव की दुकान में एक प्रवासी द्वारा बार बार पॉश मशीन में अंगूठा दबाने पर सही कार्य न होने की जानकारी पर अपर आयुक्त ने खुद मशीन चलाकर परखा। मशीन में खराबी बताए जाने पर लखनऊ फोन से बातचीत की। इसके बाद प्रवासी को राशन दिलाया। जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने बताया कि तीनों दुकानों का निरीक्षण कर अपर आयुक्त ने सही तरीके से राशन सामग्री के वितरण के निर्देश दिए हैं।