दो पूर्व ब्लाक प्रमुख समेत 21 भाजपा से निष्कासित
- पंचायत चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधि में संलिप्त होने पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। पंचायत चुनाव में कई सीटों पर भाजपा नेता बगावत कर टिकट न मिलने पर अपने ही दल के समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर पड़े है। इसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है और दो पूर्व ब्लाक प्रमुख समेत कई प्रमुख पदाधिकारियों को प्राथमिक सदस्यता से हटाकर पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश खरे ने जिला पंचायत सदस्य पद के पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के विरोध में चुनाव लड़ रहे जिलामंत्री मुन्नालाल प्रजापति, जिला संयोजक मौजीलाल, मंडल उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, किरन द्विवेदी, जिला सह संयोजक गौरीशंकर सोनी, मंडल उपाध्यक्ष अरुण सिंह बघेल, मंडल महामंत्री राजेश द्विवेदी को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त मानते हुए सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया है। उनके अलावा मंडल मंत्री रोहित मिश्रा, पूर्व ब्लाक प्रमुख ज्योत्सना वर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप शुक्ला, अजय पटेल, अजय मिश्रा, पूर्व ब्लाक प्रमुख नवल मिश्रा, पुष्पा मिश्रा, अभिषेक निषाद, अतुल द्विवेदी, बिनीत द्विवेदी, तेजीलाल वर्मा, इन्द्रपाल, नत्थू कोल, अरविन्द द्विवेदी आदि पर कार्रवाई हुई है। निष्कासित कार्यकर्ता शीर्ष नेता की फोटो, झंडा, बैनर का प्रयोग न करें। अन्यथा की दशा में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
------
फोटो नंबर- 8
वाहन पास के लिए जूझे प्रत्याशी
- कई स्थानों पर आरओ से तीखी नोकझोंक, आरोप प्रत्यारोप
चित्रकूट। चुनाव में चिह्न मिलने के बाद अब अधिकतर प्रत्याशी वाहनों के पास बनवाने में जूझ रहे हैं। उनको वाहन पास बनवाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। जबकि मतदान 19 अप्रैल को हैं। सोमवार को जिला पंचायत सदस्य समेत प्रधान पद के प्रत्याशी व प्रस्तावकों को वाहन पास नहीं मिला तो मौजूद आरओ व अन्य कर्मचारियों से नोकझोंक हो गई। आरओ/एडीएम सुनंदू सुधाकरन मौके पर पहुंचे और अधिकारियों व कर्मचारियों से तत्काल सभी के पास जारी करने के निर्देश दिए। हर पत्र का जल्द समाधान कराया। इसके बाद माहौल शांत हुआ और शाम को पास लेकर प्रत्याशी रवाना हो गए।