स्टेशन पर मिली गंदगी, प्रबंधक को लगाई फटकार
चित्रकूट। उत्तर मध्य रेलवे के दो अधिकारियों ने सोमवार को धर्मनगरी के रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर मेला व्यवस्था की जानकारी ली। स्टेशन परिसर के कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर स्टेशन प्रबंधक को फटकार लगाई। तीर्थयात्रियों को टिकट लेने के दौरान फुटकर रुपये को लेकर परेशान करने वाले बुकिंग विंडो के क्लर्कोँ को भी नसीहत दी। यह भी कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
सोमवार को उमरे झांसी के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विपिन कुमार सिंह व वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) सारिका मोहन ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया की कुछ स्थानों को छोड़कर स्टेशन पर स्वच्छता का ध्यान दिया गया है। प्लेटफार्म व स्टेशन परिसर में कई जगह कूड़ेदान रखे पाए गए। इसके बाद ट्रेन की छत पर सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने को कहा। अधिकारियों ने मौके पर जाकर यात्रियों को समझाया कि यह जीवन के लिए खतरनाक है। मेले के लिए अतिरिक्त ट्रेनें संचालित हैं। इसके बाद टिकट विंडो में फुटकर को लेकर यात्रियों को टिकट देने में परेशान करने की शिकायत पर अधिकारियों ने क्लर्कों को समझाया कि ऐसा न करें अन्यथा कार्रवाई होगी। इस मौके पर उमरे के पीआरओ मनोज कुमार सिंह, स्टेशन प्रबंधक एमए पांडेय, गिरीश पांडेय व आर के बाजपेई आदि मौजूद रहे।