रेलकर्मी की पत्नी की मौत, हत्या का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। रेलकर्मी की पत्नी की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। जिसे लेकर मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि दहेज उत्पीड़न व संतान न होने के कारण उसे प्रताड़ित किया जाता था। उसके हाथ पैर बांधकर पीटा इसके बाद उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर मार डाला गया है। ससुराल पक्ष ने आरोपों को गलत बताया है।
डभौरा जिला रींवा मप्र निवासी पूजा देवी (22) का लगभग दो साल पूर्व मानिकपुर के इंदिरानगर निवासी रेलकर्मी दीपक से विवाह हुआ था। महिला के भाई डभौरा निवासी राजकिशोर ने बताया कि बहन को ससुरालीजन दहेज की खातिर प्रताड़ित करते थे। उसे संतान न होने का ताना देते थे। इसे लेकर कई बार उसे मारा पीटा गया। 21 नवंबर को उसका छोटा भाई नंदकिशोर सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। जिसे देखने के लिए बहन जिद कर रही थी लेकिन ससुरालीजनों ने नहीं भेजा। रविवार उसे कमरे में ही हाथ पैर बांधकर मारापीटा और जहरीला पदार्थ पिला दिया। इसी दिन वह अपनी बहन को लेने मानिकपुर आया था। बहन की हालत देखकर मानिकपुर अस्पताल पहुंचा जहां डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
इस मामले में ससुराल पक्ष का कहना है कि अज्ञात कारण के चलते पूजा ने जहरीला पदार्थ पी लिया है। उसके साथ मारपीट नहीं की गई है। थानाध्यक्ष केपी दुबे ने बताया कि घटना की कोई तहरीर थाने में नहीं आई है। जानकारी मिलते ही जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।