किसान समृद्धि निधि योजना में लेखपालों की चांदी
लाभ दिलाने के बदले प्रति किसान सौ रुपये मांगने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। किसान समृद्धि निधि योजना में लेखपालों की चांदी हो रही है। किसानों से योजना का लाभ देेने के बदले में सुविधा शुल्क को तय करने के आरोप हैं। मऊ, मानिकपुर से लेकर सदर तहसील क्षेत्र के किसानों ने इसकी शिकायत की है। आरोप हैं कि जानकारी के बावजूद संबंधित अधिकारी कुछ भी नहीं कर रहे हैं। जिससे कई किसान यह सुविधा शुल्क देने को मजबूर हैं। हालांकि अधिकारियों व लेखपाल संघ के अध्यक्ष ने इन आरोपों को गलत बताया है।
मऊ , मानिकपुर व सदर तहसील मुख्यालय में तैनात कई लेखपालों पर किसान समृद्धि निधि योजना को देने में सौ-सौ रुपये किसानों से वसूलने का आरोप कई किसानों ने लगाया है। किसान रामकिशुन, बैजू यादव, मैकू, रामपाल आदि का आरोप है कि उन्हें योजना का लाभ देने में लेखपाल रुपये की मांग कर रहे हैं न देने पर योजना से वंचित करने की धमकी दे रहे हैं। कई किसानों ने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से कार्यवाही की मांग की है। इस मामले में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष जगन्नाथ सिंह ने बताया कि उन्हें ऐसे किसी केस के बारे में नहीं पता है।