चित्रकूट। बाजार में कई दुकानदारों ने एक व दो के सिक्के लेना बंद कर दिया है। इससे सिक्कों को लेकर दुकानदार व ग्राहकों के बीच आए दिन झगड़ा हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि नोटबंदी के दौरान बाजार में सिक्कों की भरमार हो गई थी। अब यह सिक्के बैंक जमा नहीं कर रही है। थोक का कारोबार करने वाले दुकानदार भी सिक्के नहीं लेते, जिससे यह समस्या आ रही है।
नोटबंदी के दौरान बैंकों ने सिक्के दिए थे। इन सिक्कों को लेकर आए दिन शहर सहित कस्बों में बवाल मचा हुआ था। कई बार व्यापारियों व बैंक के अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। जिसमें व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि बैंकों में सिक्के नहीं जमा होने से दुकानदार परेशान हैं। इस मामले मेें बैंक अधिकारियों के खिलाफ व्यापारियों ने रिपोर्ट तक दर्ज करा दी थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बैंक अधिकारियों व व्यापारियों की बैठक में समस्या के निदान के निर्देश दिए थे। अधिवक्ता कन्हैया लाल वर्मा व सीपी गुप्ता ने बताया कि सिक्का न लेने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं व्यापारी नेता पंकज अग्रवाल व शानू गुप्ता ने कहा कि बैंकों में सिक्के जमा होने लगे तो यह समस्या दूर हो जाएगी।
बाजार में सिक्के न चलने से हो रहा विवाद
:- ग्राहकों व दुकानदारों के बीच रोज होती तनातनी
-बैंक सिक्के जमा करने से कतरा रहा
अमर उजाला ब्यूरो