कॉलेज संचालक समेत चार पर मुकदमा
चित्रकूट। जिला जेल रगौली के पास स्थित रामनारायण पटेल इंटर कालेज के कमरे व वाहन से बरामद शराब की गिनती कराई गई तो कुल 800 पेटी निकली। मेड इन पंजाब की क्रेजी रोमियो शराब की कीमत 21 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने कालेज संचालक समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भी संभावना जताई है कि शराब पड़ोसी जिले सतना मप्र में चुनाव के दौरान परोसने जा रही थी।
कोतवाल अनिल सिंह व आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार की देर शाम को रगौली जेल मार्ग पर स्थित रामनारायण इंटर कालेज के कमरे से वहां मौजूद एक वाहन से 800 पेटी शराब बरामद की गई। मौके से वाहन चालक व अन्य लोग भाग गए। रविवार इसकी पूछताछ व जानकारी के बाद कोतवाली में कंठीपुर निवासी कालेज संचालक जगन्नाथ, चंदन, रघुवीर व अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में किसी की गिरफ्तारी नहंी हो पाई है। इनकी तलाश की जा रही है। बरामदगी टीम में कोतवाली के एसआई दिनेश सिंह, पुष्पराज सिंह, अजयकुमार भी शामिल थे। कोतवाल ने आश्ंाका जताई है कि यह शराब चित्रकूट के रास्ते मप्र क्षेत्र में पहुंचाने के लिए मंगाई गई होगी। इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
कैसे कम हो गई शराब की पेटी
चित्रकूट। शनिवार को जब छापेमारी कर क्रेजी रोमियो मेड इन पंजाब की शराब पकड़ी गई तो लगभग एक हजार पेटी बताई गई थीं लेकिन रविवार को गिनती के बाद इसकी संख्या 800 ही निकली।