व्यापारी के घर में लगी आग, एक लाख की संपत्ति राख
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शहर के फुलगंजी मोहल्ले में शिकंजी व्यापारी के घर में अचानक आग लग गई। घर में मौजूद बच्चे चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे आसपास के लोगों ने किसी तरह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड़ टीम समय से नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग से लगभग एक लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
शहर के पुरानी बाजार फुलगंजी मोहल्ला शिकंजी व्यापारी लाला गुप्ता के घर में रविवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना के समय व्यापारी बस स्टैंड की दुकान पर था। घर पर सिर्फ उसके बच्चे सो रहे थे। अचानक आग लगने की जानकारी होते ही दोनों भाई बहन चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा बंद था। धुएं के कारण अंदर से बंद दरवाजे की कुंडी बच्चे खोल नहीं पा रहे थे। इसी बीच चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तबतक बच्चे दरवाजे की कुंडी खोल चुके थे। बच्चों को बचाकर आस पास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।
इसी बीच व्यापारी भी घर पहुंचा और फायर ब्रिगेड़ को सूचना दी लेकिन दो घंटे तक कोई नहीं पहुंचा तबतक आसपास के लेागों के साथ मिलकर आग पर सभी ने काबू पा लिया था। पीड़ित व्यापारी के अनुसार आग से लगभग एक लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इसकी जानकारी लेखपाल को दी गई है।