पेड़ से टकराई बाइक, एक की मौत दूसरा गंभीर
चित्रकूट। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के भांगा मोड़ पर सोमवार की देर रात को तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराने पर दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
सदर कोतवाली कर्वी क्षेत्र के बालापुर खालसा गांव निवासी महेन्द्र सिंह (30) पुत्र सत्यनारायण व पवन (18) पुत्र राजेश बाइक से रिश्तेदारी में अतर्रा निमंत्रण को जा रहे थे। हाईवे पर शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के भांगा नाला के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक की लाइट से बाइक सवार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डाक्टरों ने महेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। घायल पवन का उपचार चल रहा है। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक की पत्नी पूनम रो-रोकर बेहाल है। बताया गया है कि बाइक में तीन लोग सवार थे लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। घटना की सूचना पर सांसद आरके सिंह पटेल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया।