गमगीन माहौल में तीनों बच्चों का अंतिम संस्कार
मऊ(चित्रकूट)। थानाक्षेत्र के रेड़ी भुसौली गांव के शादी के घर से निकल यमुना नदी नहाने गए तीन बच्चों की मौत की घटना ने सभी को द्रवित कर दिया है। घटना के दूसरे दिन मंगलवार को गमगीन माहौल में तीनों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया। मृतकों के परिजनों को रिश्तेदारों व नेताओं ने गांव जाकर सांत्वना दी। यमुना नदी से अवैध बालू खनन के कारण गड्ढों में फंसने से तीन की मौत की संभावना पर डीएम ने भी गंभीरता से लिया है। उन्होंने एडीएम व एसडीएम से मामले में पूरी जानकारी मांगी है।
मंगलवार को जिले में कार्यभार ग्रहण करने के बाद नए डीएम शेषमणि पांडेय ने तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत अमर उजाला की खबर को संज्ञान में लेकर कहा कि यह गंभीर मामला है। मौके पर मौजूद एडीएम जीपी सिंह व एसडीएम इंदु प्रकाश ने बताया कि कौशांबी व प्रयागराज जनपद की ओर से नाव के माध्यम से बालू ढुलान हुआ है। जिस पर कई बार जिला प्रशासन की टीम ने पकड़कर कानूनी कार्यवाही की है। डीएम ने पूरी रिपोर्ट मांगी है। उधर, रेडी भुसौली गांव में दूसरे दिन भी शोक व्याप्त रहा। रमेश निषाद के घर में दूसरे दिन भी चूल्हा नहीं जला जबकि घटना के दिन ही रमेश अपनी पत्नी को शादी कर विदा कर घर लाया है। गौरतलब है कि सोमवार को रेडी भुसौली निवासी अन्नूदेवी, मैदाना निवासी जीतू कुमार व भदोही निवासी सोनी देवी की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई थी।
मंगलवार को पुलिस सुरक्षा में तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे। परिजनों की इच्छानुसार जीतू का अंतिम संस्कार मैदाना गांव मेें हुआ जबकि अन्नू व सोनी का अंतिम संस्कार रेडी भुसौली गांव में यमुना नदी किनारे किया गया। परिजनों ने दोनों बालिकाओं के शव को जमीन पर गड़वाया है। भदोही निवासी सोनी के परिजन भी घटना की जानकारी पर रेडी भुसौली गांव पहुंच गए। सभी की मर्जी से उसका भी इसी गांव में अंतिम संस्कार कराया गया।