सीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। धर्मनगरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की संभावना पर डीएम व एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया। हेलीपैड स्थल से लेकर उनके ठहरने, गांव का दौरा करने और अधिकारियों की समीक्षा बैठक स्थल को देखा गया। संभावना है कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री जिले में तीसरी बार आ सकते हैं। जिसकी तैयारियों में जिला प्रशासन लगा है।
सोमवार को जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी गणेश प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा व अपर एसपी बलवंत चौधरी के साथ मुख्यालय समेत आसपास के स्थानों का निरीक्षण किया। शहर के चित्रकूट इंटर कालेज, पुलिस लाइन मैदान या देवांगना हवाई पट्टी में मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर उतारा जाएगा। इसके लिए कार्यक्रम के हिसाब से तैयारी की जाएगी लेकिन तीनों विकल्प प्रशासन ने तैयार करने को कहा है। मुख्यालय के आसपास के गांव का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास व शौचालय निर्माण का कार्य की देखने की संभावना है। अभी संभावित है कि वह मऊ तहसील क्षेत्र के भी किसी गांव का निरीक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर पूरे जिले में हलचल मच गई है। सभी विभागों में कर्मचारी काम पूरा करने में जुट गए हैं।