चित्रकूट/राजापुर/खोही/मऊ। बुधवार की रात आंधी के साथ बारिश हुई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में 14 बिजली के खंभे टूट गए। 17 पेड़ गिर गए। 100 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति रात एक बजे से गुरुवार की शाम चार बजे तक बंद रही। पानी की सप्लाई न होने से ग्रामीण परेशान हैं। रैपुरा थाना क्षेत्र के घुरेहटा गांव में बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई। मझगवां क्षेत्र के सिद्धा गांव में बिजली का तार टूट गया। इससे तीन मवेशियों के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
बुधवार की रात राजापुर कस्बा सहित सुरसेन, भहदेदू, सुरवाल में बिजली के खंभे गिर गए। लमियारी, सुरसेन, सरधुवा के फीडरों के केबल में फाल्ट से बिजली की सप्लाई बाधित हो गई। राजापुर क्षेत्र के अवर अभियंता जितेंद्र पटेल ने बताया कि राजापुर कस्बे के सराय तलैया चौराहा पर बिजली का खंभा गिर गया। प्रसिद्धपुर गांव में भी खंभा टूट गया। हस्ता, देवारी, चांदी, धुमाई, धाैराहा, अर्की अतरौली आदि गांवों में बिजली की आपूर्ति बंद है।
व्यापारी नेता शंकरदयाल जायसवाल ने बताया कि कस्बे में दस से अधिक जर्जर बिजली के खंभे लगे हैं। एसडीएम राम ऋषि रमन ने राजापुर कस्बे में जहां खंभे गिरे उनका निरीक्षण किया। बिजली विभाग के अधिकारियों को जल्द बिजली की आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग के सहायक अभियंता प्रशांत त्रिपाठी ने बताया कि नए बिजली के खंभे लगाए जा रहे हैं।
कई गांवों में गिरे खंभे
मानिकपुर प्रतिनिधि के अनुसार आंधी आने से कुछ गांवों में बिजली के खंभे गिर गए। इसमें बराह माफी, करौंहा में खंभे टूट गए। इससे मारकुंडी क्षेत्र के कल्याणपुर, रामपुर, टिकरिया, किहुनिया, डोडामाफी आदि गांवों की बिजली की आपूर्ति बंद हो गई। एसडीएम मो जसीम बराह माफी गांव पहुंंचे। उन्होंने बिजली कर्मचारियों से कहा कि बिजली के खंभे टूटे हैं, वहां नए खंभे लगाकर बिजली सप्लाई चालू करे। खोही प्रतिनिधि के अनुसार बरमपुर, बिहारा, बंदरकोल, छपरा, समेरिया, मैनहाई, ठर्री, बौना पुरवा आदि गांव में बिजली आपूर्ति बंद है। इसी तरह से जिले के पहाड़ी, भरतकूप, शिवरामपुर, मऊ क्षेत्र के कई गांवों में बिजली की आपूर्ति बंद है।
साइकिल से निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम
राजापुर के एसडीएम रामऋषि रमन ने साइकिल से गुरुवार की सुबह टूटे तार और पेड़ों वाले स्थान का निरीक्षण करने पहुंचे। आमजन पहले उन्हें पहचान नहीं पाए। कुछ देर बाद जब कर्मचारियों को पता चला तो आनन फानन बिजली विभाग के कर्मचारी पहुंचे और कस्बे समेत अन्य स्थानों पर टूटे खंभों को सड़क से हटवाया गया। उन्होंने 24 घंटे के अंदर बिजली व्यवस्था में सुधार कराने के लिए कहा।