जिले के अलग-अलग चार स्थानों पर आग लगने से चार किसानों की लाखों की फसल जलकर राख हो गई। दो स्थानों पर फायर बिग्रेड पहुंच सकी लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।
जानकारी के अनुसार मानिकपुर थाना क्षेत्र के चुरेह केशरुआ के रामदासपुरवा मेें एक खलिहान में रविवार की दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के समय खलिहान में कोई नहीं था। आग की लपटें देख वहां से गुजरे ग्रामीणों ने गांव में इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड को भी सूचना दी। इस बीच सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। लगभग डेढ़ घ्ंाटे बाद फायर बिग्रेड पहुंची तब तक किसान फूलचंद्र यादव की दस बीघे की गेहूं की फसल राख हो गई।
इसी प्रकार कोतवाली क्षेत्र के सिद्धपुर गांव के खलिहान में भी रविवार दोपहर को अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें किसान रामलाल पुत्र बल्देव की लगभग एक बीघे की गेहूं की फसल राख हो गई। इसके अलावा भरतकूप के बगैहा गांव के खलिहान में भी अज्ञात कारणों से आग लगी। इससे सुंदरलाल की चने की एक बीघे फसल राख हुई। इसी क्रम में शिवरामपुर के रंपुरवा के यादव मजरे में शनिवार की रात को खलिहान में अचानक आग लगने से संतोषी देवी पत्नी रामलाल की दो बीघे की चना व गेहूं की फसल जल गई।