25 में मिला पांच अब पूरा जमा करने की नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। मऊ तहसील क्षेत्र के मवईकला, बबुरी व अतरसुई गांव की कई महिलाओं ने मुख्यालय में बताया कि उनके नाम से बैंक से लोन निकाले गए हैं। लोन की फाइल तो उन्होंने भरी थी लेकिन 25 की जगह सिर्फ पांच हजार मिला और अब बैंक ने वसूली की नोटिस थमा दी है। लोक अदालत में बैंक के काउंटर के पास मौजूद महिलाओं ने बैंक अधिकारी व कर्मचारियों पर लोन की पूरी धनराशि हड़पकर गलत नोटिस भेजने का आरोप लगाया है।
शनिवार कचहरी परिसर में बबुरा निवासी फूलकली पत्नी संगमलाल, शांति पत्नी रामगोपाल, मेडिया पत्नी गुड्डन, गेंदिया पत्नी पुजेरी, मवईकला निवासी मइकूलाल पुत्र इंद्रपाल, सुखलाल पुत्र पराग, ननकी पत्नी रामअभिलाष, कुशनिया पत्नी लल्लू, अतरसुई निवासी कुशपतिया पत्नी मोतीलाल ने आरोप लगाया कि उन सभी ने अपने गांव नजदीक बैंको से समूह बनाने के लिए लोन की फाइल जमा की थी। जिसमें कई बार चक्कर लगवाने के बाद बैंक कर्मियों ने 25 की जगह सिर्फ पांच हजार रुपये ही दिए हैं और अब उनके पास नोटिस रुपया जमा करने की आई है। जिसमें बताया गया कि 25 हजार का कर्ज है और उसे जमा करो। जिससे सभी परेशान हैं।
पीड़ितों ने कचहरी परिसर में लोक अदालत के दौरान लगे बैंक काउंटर में भी जाकर अधिकारी कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी लेकिन कोई प्रभाव नहीं पड़ा। बैंक अधिकारियों ने उनसे रुपये जमा करने को कहा है। परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से भी इस मामले में न्याय दिलाकर दोषी बैंककर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।