अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में दो महिलाओं व एक बच्चे समेत 11 लोग घायल हो गए। सभी हादसे बाइक सवारों के साथ हुए। दो घटनाओं में बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था, जबकि एक में बाइक चालक हेलमेट पहने था। जिससे उसे गंभीर चोटें नहीं आईं।
रैपुरा थानाक्षेत्र के बन्ना निवासी जगत नारायण पुत्र जागेश्वर अपने रिश्तेदार विष्णु पुत्र रामकिशोर के साथ बारामाफी गांव जा रहा था। बाइक चालक विष्णु हेलमेट पहने था। भरतकूप के पास सामने से आए अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों बाइक सवार गिरकर घायल हो गए। हेलमेट लगाए होने के कारण चालक को हाथ व पैर पर मामूली खरोंचे आईं।
राजापुर प्रतिनिधि के अनुसार, अर्जुनपुर निवासी राजकुमार पुत्र बाबादीन अपने बहनोई ब्यासबन्ना निवासी छेदी पुत्र कंधई के साथ बाइक से लमियारी गांव में शादी के लिए लड़की देखने जा रहा था। कुसैली मोड़ पर आगे चल रहे ट्रैक्टर से साइड लेते समय अचानक ट्राली का एक हिस्सा बाइक से टकरा गया। जिससे अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में दोनों घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
इसी प्रकार कोतवाली क्षेत्र के पुरवा तरौंहा मार्ग पर आमने-सामने से बाइक की टक्कर में ओरन निवासी शिवम पुत्र अशोक, महेवा घाट कौशांबी निवासी शरद कुमार पुत्र दुर्गा प्रसाद और उसका तीन साल का पुत्र यश घायल हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
भरतकूप के मानपुर मार्ग पर सोमवार शाम को अनियंत्रित टेंपो पुलिया से टकरा गई। जिसमें प्रीति पत्नी नंदकिशोर निवासी मानपुर और अरविंद पुत्र चुन्नीलाल निवासी हनुमान गंज घायल हो गए। बहिलपुरवा थानाक्षेत्र के बड़ी मडैयन निवासी बैजनाथ पुत्र रामगोपाल गांव के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गए और कैलहा निवासी केशनिया पत्नी रामदुलारे भी घर के पास बाइक की टक्कर से घायल हुईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।