बाइक की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल
नौगढ़ क्षेत्र के तेंदुआ पुल के पास सड़क पार करते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-04 और 05
नौगढ़। क्षेत्र के तेंदुआ पुल के पास बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से देउरा निवासी मंसूर आलम (45) की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौगढ़ थाना क्षेत्र में तेंदुआ पुल के पास बृहस्पतिवार की रात देउरा निवासी मंसूर आलम शौच के लिए जा रहे थे। सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हो गया, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग भाग गए। आस-पास के लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से मंसूर और बाइक चालक रामप्रवेश, निवासी बहेरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. सिद्धार्थ ने मंसूर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया शुक्रवार को सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंसूर तेंदुआ पुल के पास हेयर कटिंग का काम करते थे। नौगढ़ थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
इनसेट-
बुलेट की टक्कर से घायल की अस्पताल में मौत
नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव के पास आठ सितंबर की रात बुलेट की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बबुरी थाना क्षेत्र के बिंदपुरवा निवासी कमलेश बिंद (43) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कमलेश अपने रिश्तेदार के साथ जा रहे थे। रेमा गांव में डिवाइडर के पास खड़े कमलेश को तेज रफ्तार बुलेट ने जोरदार टक्कर मार दी। परिजन उन्हें कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद लंका थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई विकास बिंद की तहरीर पर अलीनगर पुलिस ने अज्ञात बुलेट सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर मालिक की तलाश की जा रही है।
नौगढ़ में दुर्घटना के बाद घायल रामप्रवेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते लोग। संवाद