दुलहीपुर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत दुलहीपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात पिटाई से घायल युवक की शनिवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से नाराज लोगों ने रविवार की शाम शव को रख कर दुलहीपुर पुलिस चौकी का घेराव किया। इस दौरान युवक की पिटाई करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार वालों को मुआवजा देने की मांग की। बाद में सीओ सदर के समझाने पर ग्रामीण माने और घेराव समाप्त किया।
दुलहीपुर पोखरा गांव निवासी नजीर अहमद (22) पुत्र शम्सुद्दीन बुनकरी का काम करता था। वह बृहस्पतिवार की रात दुलहीपुर बाजार आया था और रात नौ बजे घर लौट रहा था। इसी बीच किसी ने उस पर लाठी, डंडे और रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नजीर की आवाज सुनकर जब तक लोग पहुंचते हमलावर फरार हो गए। परिवार वालों ने नजीर को निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि नजीर का भाई शकील ने उसी दिन दुलहीपुर चौकी पर शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शकील ने मुगलसराय कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी कि यहां से भी उसे भगा दिया गया। मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी बीच शनिवार की रात नजीर की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार की शाम शव पहुंचा तो नाराज लोगों ने शव को दुलहीपुर चौकी पर रख कर चौकी का घेराव कर दिया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण हमलावरों की गिरफ्तारी, चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और मृत युवक के परिवार वालों को मुआवजा की बात पर अडे़ रहे। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ सदर कुंअर प्रभात सिंह ने प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।