नियामताबाद। अलीनगर थाना के टड़िया गांव के समीप रेलवे फ्लाईओवर के रेलवे ट्रैक पर रविवार की सुबह युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
टड़िया गांव के समीप रविवार की सुबह जब ग्रामीण फ्लाई ओवर पर रेलवे ट्रैक की ओर गए तो उन्होंने ट्रैक पर युवक का क्षत विक्षत शव देखा। यह देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। इस पर देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अलीनगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव के शिनाख्त की कोशिश की लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। युवक की उम्र लगभग 28 वर्ष रही होगी। उसने काले रंग की टीशर्ड और नीले रंग की लोवर पहन रखी थी। शव से कुछ दूरी पर चप्पल और गमछा रखा हुआ था। इससे लगता है कि युवक आस पास के ही किसी गांव का रहा होगा। पुलिस के अनुसार पहली नजर में किसी ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक की तस्वीर आस पास के थानों को पहचान के लिए भेजी गई है।
रिपोर्ट- अखिलेश सिंह
संपादन-कृष्ण मुरारी मिश्र
बाइट-1000