पीडीडीयू नगर। जीआरपी ने रविवार की शाम को पीडीडीयू जंक्शन पर एक युवक के पास से 25.30 लाख रुपये नकद बरामद किया है। वह रुपये लेकर वाराणसी से पश्चिम बंगाल जा रहा था। आरोपी युवक रुपयों से संबंधित कोई कागजात पेश नहीं कर सका। जीआरपी की सूचना पर वाराणसी से पहुंची आयकर विभाग की टीम रुपयों के साथ युवक को अपने साथ ले गई।
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रविवार की शाम जांच के दौरान प्लेटफार्म पर एक युवक संदिग्ध हाल में दिखा। उसके बैग की तलाशी ली गई तो 25.30 लाख रुपये नकद बरामद हुए। वह रुपयों से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सका। आरोपी आलोक कुमार दूबे, निवासी शारदा पार्क, ब्लाॅक सी, जोत शिवरामपुर थाना महेश तला, जिला चौबीस, दक्षिण परगना, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। जीआरपी को पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वाराणसी से रुपये लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था। जीआरपी निरीक्षक की सूचना पर वाराणसी से आयकर विभाग की टीम पहुंची और रुपये के साथ आरोपी को अपने साथ ले गई। जीआरपी निरीक्षक ने बताया कि आगे की कार्रवाई आयकर विभाग करेगा।