नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की।
भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, सोमवार रात सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आशीष शुक्ला नामक युवक द्वारा मुख्यमंत्री और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को पांच-छह कार्यकर्ता अलीनगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
शिकायतकर्ता पंकज शाह ने बताया कि वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। वहीं, थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि युवक के खिलाफ शिकायत मिली थी। उन्होंने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।