दुलहीपुर। एक स्थानीय स्कूल में मंगलवार को पीपी गुप्ता मेमोरियल अंडर-16 टी-20 कलर ड्रेस व्हाइट बाॅल क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरूआत हुई। उद्घाटन मैच में यंग स्टार एकेडमी गाजीपुर ने राहुल स्पोर्ट्स ब्लू को 30 रन से हरा दिया।
उद्घाटन मैच में टॉस जीतकर पहले खेलते हुए यंग स्टार गाजीपुर की पूरी टीम 17.2 ओवर में 140 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की तरफ से शिवाजी ने 28, आयुष ने 20 और वीर ने 15 रन बनाए। टीम को अतिरिक्त के रूप में 49 रन मिले। राहुल स्पोर्ट्स की तरफ से अभय ने पांच विकेट लिए। ओमी और अनमोल ने दो- दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राहुल स्पोर्ट्स की टीम यंग स्टार के हिमांशु की फिरकी में फंस गई और पूरी टीम 18 ओवर में 110 रन बनाकर आउट हो गई। हिमांशु ने चार ओवर में 17 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट लिए। टीम की ओर से वीर और शिवाजी ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले मुख्य अतिथि किशोर कुमार, विशिष्ट अतिथि भरत मास्टर, आशुतोष पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की शुरूआत की। इसके बाद विजेता टीम को पुरस्कृत भी किया। इस दौरान संदीप प्रधान, राजू, गोपाल वर्मा, विवेक आदि मौजूद रहे।