हैंडपंप से सैंपल लेने पहुंचे स्वास्थ्यकर्मी।
नगर स्थित महमूदपुर की सोनकर बस्ती में गत दिवस डायरिया से महिला की मौत के बाद जिला महामारी रोकथाम विभाग के अधिकारी वहां पहुंचे। टीम ने बस्ती के लोगों को क्लोरीन, जिंक ओरआरएस पैकेट, ब्लीचिंग पाउडर आदि वितरित किए। दो हैंडपंपों से पानी का सेंपल लिया और लखनऊ जांच के किए भेजा। बताया कि दूषित पानी के सेवन से डायरिया फैला है।
दरअसल सोनकर बस्ती में बरसाती पानी जमा हुआ है। लोग हैंडपंपों का पानी पीते हैं। लगातार जल भराव की वजह से पानी दूषित हो गया है और इसके सेवन से शुक्रवार को बस्ती में डायरिया फैल गया। इससे मुन्ना सोनकर की पत्नी मुन्नी देवी (40) की मौत हो गई। बस्ती में अभी बारह से पंद्रह लोग बीमार हैं। शुक्रवार को जिला महामारी रोकथाम के नोडल अधिकारी शरद मिश्र, डिप्टी सीएमओ डॉ. पी लाल, लैब टेक्निशियन मृत्युंजय मिश्र, एएनएम कुसुमलता, आशा कार्यकर्ता अंजना देवी आदि की टीम बस्ती में पहुंची। यहां मृतका मुन्नी देवी के घर के सामने लगे हैंडपंप के अलावा बसंत सोनकर के घर के बाहर लगे हैंडपंप के पानी का सैंपल लिया। इसके अलावा ग्रामीणों में जिंक ओआरएस, क्लोरीन आदि के टैबलेट आदि का वितरण किया। स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने ग्रामीणों को पानी उबाल कर पीने की सलाह दी। ग्रामीणों को बासी भोजन न करने, घर के आस पास की साफ सफाई रखने को भी कहा। नोडल अधिकारी शरद मिश्र ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। जल जमाव की वजह से गांव मे बीमार का प्रकोप हुआ है।