प्रदर्शन की सूचना पर जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक से बातचीत कर उसे शांत कराया और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उसकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक नाले से बाहर आ गया और प्रदर्शन समाप्त हो गया।
इस संबंध में ग्राम प्रधान शंकर प्रसाद ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बरसात के मौसम को देखते हुए गांव में नालों की सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहा युवक तत्काल नाले से निकला कचरा हटाने की मांग कर रहा था, जबकि गीले कचरे को उसी समय हटाना तकनीकी रूप से संभव नहीं होता। सामान्य प्रक्रिया के तहत कचरा एक-दो दिन सूखने के बाद उठाया जाता है।
ग्राम प्रधान ने यह भी स्वीकार किया कि क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसे देखते हुए सफाई अभियान चलाया जा रहा है और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवक के इस अनोखे विरोध की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते नालों की नियमित सफाई और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।