गोली की आवाज सुनकर गांववाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। तब तक बाकी बदमाश फरार हो चुके थे, लेकिन मोनू ने जिस बदमाश को पकड़ा था, उसे ग्रामीणों ने दबोच लिया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल मोनू को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से एक डायरी, दो मोबाइल फोन और नौ हजार रुपये बरामद किए गए हैं। मोनू की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मोनू के पिता मुन्ना राम मजदूरी करते हैं। चार भाइयों और दो बहनों में मोनू पांचवें नंबर पर था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर सैयदराजा से सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मोनू के घर पहुंचे। उन्होंने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि एक आरोपी को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल तीन अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।