बिजली से हुई युवक की मौत के बाद जुटी भीड़।
मंगलवार को दोपहर बाद जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। वहीं कोतवाली क्षेत्र के पचवनियां गांव के सिवान में भेड़ चराते समय रामनाथ पाल (32) की बिजली गिरने से मौत हो गई। रामनाथ शहाबगंज विकास खंड के बड़गांवा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने रामनाथ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय जिला चिकित्सालय भेज दिया।
दो दिन से हो रही थोड़ी-थोड़ी बारिश ने लोगों को काफी राहत दी है। मंगलवार को जहां चकिया क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक हल्की बारिश हुई वहीं जनपद के अन्य क्षेत्र बारिश से अछूते रहे। इस बारिश ने धान की नर्सरी को संजीवनी दी। जिन किसानो ने नर्सरी नहीं डाली थी वे खेतों की ओर चल दिए। इस दौरान बिजली गिरने से शहाबगंज क्षेत्र के बड़गांवा निवासी गुल्लू पाल का पुत्र रामनाथ (32 ) बुरी तरह से झुलस गया। जानकारी होते ही क्षेत्रीय लोग उसे लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचे जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य सरोज के प्रतिनिधि रतीश कुमार ने पीड़ित परिवार को मौके पर पहुंचकर ढांढस बंधाया और एक हजार आर्थिक सहायता दी और तहसील प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की। वहीं पूर्व विधायक चकिया जितेंद्र कुमार एड. भी सूचना मिलते ही चकिया चिकित्सालय में पहुंचे। पीड़ित के पिता बुल्लू पाल और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाया और तहसील और जिला प्रशासन से मिलकर आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। रामनाथ के मौत की खबर पर पूरा गांव अस्पताल में पहुंच गया था।