कंदवा। क्षेत्र के एक गांव की एक युवती ने होली की रात मंगलवार को गांव के ही एक युवक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। बुधवार की रात युवती के पिता ने स्थानीय थाने में युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
युवती का आरोप है कि होली की रात गांव के ही एक युवक ने अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। उसके शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला। हालांकि मामले को लेकर बुधवार को सुलह समझौते की कोशिश होती रही लेकिन बात न बनी। युवती के पिता ने थाने में युवक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपी के पक्ष के लोगों का कहना है कि होली के दिन दोनों पक्ष में विवाद हुआ था। उसी का बदला लेने की नियत से युवक पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। सीओ जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।