अलीनगर थाना क्षेत्र के कठौड़ी गांव में शराब के नशे में धुत दो युवकों पर रॉड से हमला करने का आरोप लगा है। आरोपियों ने पहले एक युवक को रॉड से पीटकर घायल कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचे उसके बड़े भाई को भी मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई कर रही है।
कठौड़ी गांव निवासी विकास यादव के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर से दूसरे घर पर भैंस बांधने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दरोगा उर्फ गुड्डू और टेम्पू ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने रॉड से हमला कर दिया, जिससे विकास के सिर में चोट आई। शोर सुनकर बीचबचाव करने पहुंचे उसके बड़े भाई प्रदीप यादव को भी आरोपियों ने पीट दिया। हमले में उनका सिर फट गया। आरोपियों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी गगनराज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।