पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन में ट्रेनों का संचालन बंद होने के बाद रेलवे के संकेत एवं दूर संचार विभाग ने संचार व्यवस्था दुरूस्त की है। लॉकडाउन में गंजख्वाजा में यार्ड रिमाडलिंग की है। इससे ट्रेनों के यातायात में सुगमता आई है। इसी तरह गया में ब्लॉक वर्किंग उत्तरी आउटर केबिन से आरआरआई शिफ्ट किया गया। इसके बाद उत्तरी आउटर केबिन पर संबंधित रेल कर्मी की तैनाती की आवश्यकता नहीं है। इस शिफ्टिंग से ट्रेन परिचालन में सुधार होगा साथ ही समय व राजस्व की बचत भी होगी।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना और वरीय मंडल दूर संचार अभियंता बीके यादव के निर्देशन में डीडीयू मंडल का संकेत एवं दूरसंचार विभाग कोरोना महामारी के बीच लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को स्थायी कनेक्टिविटी देते हुए रेल परिचालन को और सुगम बनाने के लिए ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन में रेल मंडल के गंजख्वाजा स्टेशन पर किये गए यार्ड रीमॉडलिंग के साथ वहां स्थापित 121 रुट युक्त अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के माध्यम से कार्य शुरू किया गया। यह सिस्टम सभी आधुनिक सिग्नलिंग सुरक्षा उपकरणों से युक्त है। मंडल के 45 स्टेशनों पर प्वाइंट्स का रखरखाव किया गया ओर 22 स्टेशनों पर प्वाइंट मशीन की ओवरहॉलिंग की गई। मंडल के 47 स्टेशनों पर ट्रैक सर्किट की मरम्मत की गई। 25 स्टेशनों पर ट्रैक जंपर बदले गए। यही नहीं कार्यालय में ई-ऑफिस सिस्टम लागू करने, ऑनलाईन ट्रेनिंग की शुरुआत, रेलनेट के बैंड विड्थ को बढ़ाने, मंडल रेल प्रबंधक कैंप कार्यालय में वीडियो-ऑडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा, साइबर सिक्योरिटी और बैंड विड्थ के पर्याप्त उपयोग के लिए यूटीएम सिस्टम लगाने का कार्य किया गया। मंडल रेल अस्पताल में वीडियो कॉलिंग के माध्यम से टेली मेडिसीन सुविधा का प्रावधान किया गया। एसएंडटी डेहरी-ऑन-सोन की ओर से 3200 की जनसंख्या वाले मुडियार गांव को गोद लेकर राहत कार्य प्रदान किए गए।
पीडीडीयू नगर। भारतीय रेलवे में मालगाड़ियों का परिचालन कराकर जरूरी सामानों को देश के विभिन्न भागों में पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में मालगाड़ियों से आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति का क्रम जारी है। इसी कड़ी में मंडल के भभुआ रोड स्टेशन के गुड्स शेड में श्रमिकों ने विभिन्न क्षेत्रों में आपूर्ति के लिए चावल की लोडिंग तथा मंडल के ही पहलेजा गुड्स शेड में सीमेंट तथा नमक की अनलोडिंग की गई। संवाद
पीडीडीयू नगर। मानसून में कालोनियों में जल भराव न हो इसके लिए लगातार साफ सफाई कराई जा रही है। सोमवार को डीडीयू स्टेशन के कालोनी एवं कार्यालय में दवा छिड़काव के साथ गया जंक्शन के मुख्य नाले की सफाई कराई। सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन स्टेशन के लोको कालोनी,टीआरएस शेड एवं आरआरआई बिल्डिंग में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कीटाणुनाशक दवा का छिड़काव किया गया। इसी तरह मंडल के गया जंक्शन के पास सफाई कर्मियों ने मुख्य नाले की सफाई की। संवाद
पीडीडीयू नगर। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन प्लांट डिपो शाखा के पदाधिकारियों की यूनियन शाखा परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सभा हुई। इसमें ईसीआरकेयू पटना शाखा के अध्यक्ष धनराज राम के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। यूनियन के केंद्रीय संगठन मंत्री बीबी पासवान ने कहा कि धनराज राम हमेशा लोगों की सहायता करते थे। इस अवसर पर एसपी सिंह, शंकर प्रसाद, रामचंद्र, अमरेन्द्र कुमार, एके उपाध्याय, मोहन राम, बीबी सिंह, सकल यादव, एके सिन्हा रहे। संवाद
मंडल रेल अस्पताल को मिली एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सुविधा
पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने एक बार फिर ओपीडी सेवा पूर्व मध्य रेलवे लोको मंडलीय अस्पताल से हटाकर ट्रैफिक अस्पताल में किया गया है। ट्रैफिक अस्पताल यूनिट में ओपीडी सेवा 16 जुलाई से चालू होगी। वहीं लोको अस्पताल में एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सुविधा मिली है। इससे गंभीर रोग से पीड़ितों को पूर्वोत्तर के मंडल रेल अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
पूर्व में लोको मंडलीय अस्पताल को कोविड अस्पताल घोषित करते हुए यहां ओपीडी सेवा बंद कर ट्रैफिक हेल्थ यूनिट में शुरू किया गया। हालांकि बाद में फिर से लोको अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई। अब रेलकर्मी लगातार कोरोना से संक्रमित होने लगे हैं। इसके बाद रेलवे ने 16 जुलाई से मंडलीय अस्पताल से ओपीडी हटाकर नगर के जीटी रोड स्थित ट्रैफिक हेल्थ यूनिट में शुरू करने का निर्णय लिया है। वहीं मंगलवार को मंडल रेल अस्पताल में चिकित्सा सुविधा को और मजबूत करते हुए एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध कराया गया है। इसकी सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। अस्पताल में पहले से ही एक बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध है। एंबुलेंस मिलने के बाद हृदय रोग, डायलिसिस, डायबटिज सहित विभिन्न गंभीरबीमारियों के ईलाज के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल अस्पताल, वाराणसी रेफर किया जाएगा।