कंदवा। वाराणसी जोन द्वितीय के मुख्य अभियंता (मुख्य अभियंता) प्रवेश कुमार ने मंगलवार को चंदौली के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर जसमीर सिंह, तकनीकी मुख्य अभियंता मनोज सोनकर और अधिशासी अभियंता (तकनीकी) बीबी राय के साथ अमड़ा विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ने उपकेंद्र पर बढ़ते विद्युत भार (ओवरलोडिंग) और तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही एक्सईएन को जनता की शिकायतों का समाधान करने का जिम्मा सौंपा।
निरीक्षण के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने बिजलीकर्मियों पर फोन नहीं उठाने और शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। इस पर मुख्य अभियंता ने नाराजगी जताते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता सकलडीहा नरेश कुमार को सौंपी। अधिकारियों के निरीक्षण की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भी उपकेंद्र पहुंचे और लो-वोल्टेज, ब्रेकडाउन व किसानों की सिंचाई से जुड़ीं समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया। अधिकारियों ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
कोट......
बारिश कम होने और विद्युत भार बढ़ने से लो वोल्टेज की समस्या बढ़ी है। अमड़ा उपकेंद्र पर ओवरलोडिंग और तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए उपाय किए जा रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फोन रिसीव करने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। - नरेश कुमार, अधिशासी अभियंता, सकलडीहा डिवीजन, चंदौली।