पीडीडीयू नगर। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मंलववार को माता के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की गई। देवी मंदिरों पर दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। वहीं देवी मंदिर माता के जयकारे से गुंजायमान रहा। शाम के वक्त माता की भव्य आरती उतारी गई। वहीं मंदिरों में महिलाओं ने ढोल, मजिरा हारमोनियम पर माता के गीत सुनाए।
नगर के जीटी रोड स्थित प्राचीन मां काली मंदिर, जीटी रोड स्थित दुर्गा मंदिर, शीतला माता मंदिर, रविनगर, नई बस्ती, कैलाशपुरी, शाहकुटी, कैथापुर, परशुरामपुर, अमोघपुर, गल्ला मंडी, एलबीएस कटरा स्थित संकट हरण दरबार सहित अन्य देवी मंदिरों में सूर्योदय से पहले से ही भक्त पहुंचने लगे। इसी तरह रेलवे के आरपीएफ कॉलोनी स्थित काली मंदिर, गया कॉलोनी, प्लांट डिपो, डीजल कॉलोनी, लोको कॉलोनी, यूरोपियन कॉलोनी सहित सभी मंदिरों पर भी भक्तों ने पहुंच कर माता के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की। घरों में भी स्थापित कलश में माता के दूसरे स्वरूप का आह्वान कर माता ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की। वहीं पंडालों के आस- पास बिजली के झालर की सजावट की गई। वहीं पंडालों में लाउडस्पीकर लगाकर देवी गीत बजाए गए। नगर के लाठ नंबर एक और लाठ नंबर दो में मूर्ति स्थापित कर पूजा अर्चना शुरू की गई।