काली माता मंदिर में दर्शन पूजन करते लोग।
महाष्टमी पर देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। सुबह से देर रात तक देवी मंदिरों में मां के जयकारे गूंजते रहे। घरों में भी कलश स्थापित करने वाले लोगों ने महागौरी के स्वरूप की पूजा अर्चना की।
नगर के जीटी रोड स्थित मां काली मंदिर पर दर्शनार्थियों की लंबी कतार लगी। पुलिस कर्मियों ने भीड से बचाव के लिए महिला और पुरुष की अलग अलग कतार लगवाई। बावजूद इसके मंदिर से काफी दूर तक लाइन लग गई। इसी तरह एलबीएस कटरा स्थित संकट हरण दरबार को विशेष रूप से सजाया गया, वहीं गल्ला मंडी स्थित देवी मंदिर पर भजन कीर्तन हुआ। नई बस्ती स्थित काली मंदिर, रविनगर, शाहकुटी, काली महाल, चतुर्भुजपुर, आरपीएफ कालोनी, गया कालोनी के काली मंदिर पर सुबह से देर शाम तक भक्त पहुंचे और विधि विधान से मां की पूजा अर्चना की। घरों में भी पुरोहितों को बुलाकर महागौरी की पूजा अर्चना की गई। नया ध्वज भी घरों पर लगाया गया। इसी तरह चकिया, शहाबगंज, इलिया, नौगढ, बबुरी, नियामताबाद, दुलहीपुर, पड़ाव, सकलडीहा, नई बाजार, धानापुर, कमालपुर, धीना, कंदवा, चंदौली, सैयदराजा सहित सभी इलाकों में देवी मंदिरों पर भीड रही।