मुगलसराय/चंदौली। सावन के पहले सोमवार को जनपद के विभिन्न मंदिरों में बाबा
भोले को पूजने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही प्रमुख
मंदिरों पर भक्तों की कतार लगी रही।
मंदिरों में हर हर महादेव और
बोल बम के जयकारे लगातार गूंजते रहे। भोर से देर शाम तक दर्शन पूजन का
सिलसिला चलता रहा। लोगों ने शिवलिंग पर बेलपत्र, भांग व धतूरे को चढ़ाकर
अपनी आस्था का इजहार किया। इस क्रम में चकिया के हेतिमपुर स्थित
जागेश्वरनाथ धाम और सकलडीहा में कालेश्वरनाथ धाम में दर्शनार्थियों का
तांता लगा रहा। पूरे जनपद में नगर से लेकर गांवों तक के मंदिरों में भक्तों
का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक चलता रहा। इस दौरान मंदिरों में भक्त कांवर
में जल लेकर भी चढ़ाने पहुंचे।
सावन मास में भोलेनाथ के जलाभिषेक का
अत्यधिक महत्व है। पहला सोमवार होने की वजह से भक्तों में उत्साह अधिक
दिखा। वैसे तो रात में ही नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से भक्त बाबा
विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के लिए वाराणसी रवाना हो गए थे।
जबकि सुबह होते
ही भक्त स्नान के बाद नजदीकी शिवालयों में पहुंचे और दर्शन पूजन किया।
मंदिरों को पहले से ही साफ सफाई के बाद विद्युत झालरों से सजाया गया था।
यहां भक्तों के आने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया, भक्तों के आने का
क्रम देर शाम तक चला। अत्यधिक भीड़ होने की वजह से कई मंदिरों पर कतारें
लगी। शाम के वक्त बाबा नागेश्वर का विशेष शृंगार किया गया और भजन कीर्तन
भी हुआ।
मुगलसराय नगर के कैलाशपुरी, रविनगर, नई बस्ती, कालीमहाल,
चतुर्भुजपुर, रेलवे कालोनी के मानसनगर, डीजल कालोनी, गया कालोनी, आरपीएफ
कालोनी, लोको कालोनी, यूरोपियन कालोनी, प्लांट डिपो में स्थित मंदिरों में
सुबह से ही लोग आते रहे।
चंदौली संवाददाता के अनुसार नगर स्थित काली माता
मंदिर, महावीर मंदिर, श्री राम जानकी शिव मठ मंदिर, कोट स्थित शिव मंदिर
सहित ग्रामीण अंचलों में स्थित मंदिरों में दर्शन पूजन को श्रद्धालुओं की
भीड़ लगी रही।