सकलडीहा के सलेमपुर में प्रदर्शन करते क्वारंटीन किए गए लोग।
- फोटो : CHANDAULI
गैर प्रांतों से पलायन कर घर पहुंचे मजदूर पंचायत भवन में क्वारंटीन किए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से खाने-पीने और सोने के लिए कोई व्यवस्था न मिलने पर नाराजगी प्रकट करते हुए बुधवार हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों को समझाकर शांत कराया।
कोविड-19 जैसी संक्रामक बीमारी को लेकर पूरे देश में लगे लॉकडाउन के दौरान अन्य राज्यों व शहरों से पलायन कर पैदल और वाहन से पहुंचे प्रवासी मजदूरों को गांव के पंचायत भवन और स्कूलों में क्वारंटीन किया गया है। इनमें तहसील क्षेत्र के बछौली, सलेमपुर, सेवखर आदि गांवों में दर्जनों की संख्या में पहुंचे मजदूरों और ग्रामीणों को रखा गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा मजदूरों के लिए खाने-पीने व सोने की व्यवस्था मुहैया नहीं कराई गई है। वे अंधेरे में रहने को विवश हैं। विवशता में गांव से उनके परिजन खाना व पानी पहुंचा रहे है। ग्रामीणों ने क्वारंटीन किए गए लोगों के लिए ग्राम सभा और ब्लॉक स्तर पर सुविधा मुहैया कराने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि कम्यूनिटी किचन के माध्यम से खाना दिया जा रहा है। सूचना मिलने पर खाना पहुंचाया जाएगा।