स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद-इलिया मार्ग पर विद्युत उपकेंद्र
के समीप मंगलवार की सुबह ट्रैक्टर के साथ लगे मिक्सर मशीन से दबकर ट्रैक्टर
पर सवार मजदूर की मौत हो गई।
वहीं ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर
गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ट्रैक्टर पर बैठे एक दर्जन मजदूर बाल बाल बच
गए। मजदूर सोनहुल गांव से धन्नीपुर गांव छत की ढलाई करने जा रहे थे।
क्षेत्र
के सोनहुल गांव से एक दर्जन मजदूर धन्नीपुर गांव में एक मकान के छत की
ढलाई करने के लिए मशीन लेकर जा रहे थे। गांव के परचू की मिक्सर मशीन
ट्रैक्टर के साथ जा रही थी। मशीन के एक छोर पर एक दर्जन मजदूर बैठ गए।
ट्रैक्टर गांव का ही रामबली चला रहा था।
सुबह सात बजे ट्रैक्टर उपकेंद्र के
समीप पहुंचा ही था कि पीछे से एक वाहन ने पास लिया। इससे ट्रैक्टर
असंतुलित हो गया और डगमगा गया। जिससे मशीन पर बैठा गांव का निवासी मनोज
(35) और सुभाष (34) सहित अन्य सभी मजदूर नीचे गिर गए। साथ ही मशीन भी पलट
गई और मनोज और सुभाष इसके नीचे दब गए।
इससे मनोज की तत्काल ही मौके पर मौत
हो गई। जबकि अन्य मजदूरों ने सुभाष को बाहर निकाला। इस घटना से मौके पर
हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम
के लिए भेजा वहीं घायल को स्थानीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
इनसेट
तीन हादसों में चार लोग जख्मी
मुगलसराय।
नगर में मंगलवार को अलग-अलग समय पर तीन दुर्घटनाओं में चार लोग गंभीर
रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को राजकीय महिला अस्पताल में भर्ती कराया
गया।
शाम पांच बजे दुर्घटना के बाद तड़प रहे घायल को जीआरपी इंस्पेक्टर
त्रिपुरारी पांडेय ने अपने वाहन में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया। नगर की नई
बस्ती में सुबह दस बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर पचास वर्षीय अज्ञात
अधेड़ जख्मी हो गया। आसपास के लोगों ने उसे राजकीय महिला अस्पताल
पहुंचाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसी तरह शाम
पांच बजे कैलाशपुरी मोड़ के समीप किसी वाहन की चपेट में आने से नगर के
इस्लामपुर निवासी बाइक सवार अजय गुप्ता (40) घायल हो गये। वह दवा
विक्रेता है और बाइक से किसी कार्यवश वाराणसी जा रहा था।
जैसे ही वह जीटी
रोड पर कैलाशपुरी मोड़ के समीप पहुंचा तभी सामने से तेज गति से आ रहे
वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क
पर पलट गई। वहीं बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। उधर से गुजर रहे जीआरपी
इंस्पेक्टर ने घायल को अपने वाहन में बैठाकर राजकीय महिला चिकित्सालय में
भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छोड़ दिया।
घटना में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस बाइक को
अपने कब्जे में कर थाने ले आई। वहीं दूसरी ओर गश्त के लिए बाइक से निकल
रहे कोतवाली के एसआई अनिल कुमार सिंह की कोतवाली के बाहर जीटी रोड पर
वाराणसी की ओर से तेज रफ्तार से आ रही बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई।
इसमें एसआई व दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। उनका इलाज राजकीय महिला
चिकित्सालय में कराया गया। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची कोतवाली
पुलिस बाइक सवार को पकड़कर थाने ले आई।