चंदौली। जिले में कोरोना का कहर लगातार जारी है। आम आदमी के साथ पुलिस कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, न्यायिक विभाग के अलावा बड़ी तादात में बैंक कर्मी संक्रमित हो चुके है। ऐसे में बैंक कर्मियों को संक्रमण से बचाने के लिए अग्रणी बैंक प्रबंधक पीके झा ने नई पहल की है। उन्होंने डीएम नवनीत सिंह चहल की संस्तुति के बाद बैंकों को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ही खाताधारकों का काम करने का निर्देश दिया है। मसलन लेन-देन, लोन संबंधी अन्य कार्य किए जाएंगे। इसके बाद दो से चार बजे तक केवल विभागीय कार्य होगा।
जिला मुख्यालय स्थित यूनियन बैंक शाखा में 11 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक का एक कर्मी संक्रमित मिला था। वहीं स्टेट बैंक प्रधान शाखा के प्रबंधक समेत तीन कर्मी भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। ऐसे में बैंककर्मी संक्रमण को लेकर सशंकित हो उठे हैं। इस खतरे को देखते हुए बैंकों की कार्य अवधि में बदलाव कर दिया गया है। अब सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक खाताधारकों का काम किया जाएगा। इसके अलावा लोन, केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। दो से शाम चार बजे तक बैंक कर्मी लेन-देन के हिसाब से साथ लेखा-जोखा दुरूस्त करेंगे। वहीं शाम चार बजे तक हर हाल में बैंकों को बंद करने का निर्देश दिया गया है।
चंदौली। जिला पर यूबीआई और पीएनबी शाखा के कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बैंक शाखा को सील कर दिया गया था। बैंकों की सफाई, सैनिटाइजेशन व अन्य कर्मियों की सैंपलिंग कराई गई। सोमवार को बैंक का ताला खुला तो काम कराने के लिए खाताधारकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि खाताधारकों को बैंक के बाहर लाइन में खड़ा कराया गया था। सैनिटाइजेशन व थर्मल स्कैनिंग के बाद ही अंदर प्रवेश की अनुमति मिली। एटीएम पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले के सभी बैंकों में सुबह दस से दोपहर दो बजे तक खाताधारकों का कार्य किया जाएगा। इसके बाद चार बजे तक विभागीय कार्य करने के बाद बैंक को बंद कर दिया जाएगा। इस संबंध में सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश जारी किया गया है। पीके झा, एलडीएम।