पीडीडीयू नगर। उमसभरी गर्मी में हो रही बेतहाशा बिजली कटौती से आम जनजीवन परेशान है। अलीनगर उप केंद्र पर आधारित चकिया त्रिमुहानी व आसपास के इलाके में पूरी रात बिजली ही नहीं आई। वहीं तीन बजे भोर में जो लाइट कटी तो फिर सोमवार की शाम चार बजे तक नहीं आई। इससे लगभग 13 घंटे गर्मी व उमस से लोग हलकान हो गए। विभागीय अधिकारियों से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि साहूपुरी में आए फाल्ट की वजह से बिजली कटी है। वहीं रविवार की रात 10 बजे से हर एक घंटे पर नगर में बिजली आती व जाती रही।
गर्मी व उमस के बीच बिजली कटौती लोगों को परेशान कर रही है। नगर में छह फीडरों के सहारे बिजली सप्लाई की जाती है। रविवार की रात नगर के दो फीडर को लाइट मिल रही थी पर चार फीडरों की लाइट काट दी जा रही थी। पूछने पर पता चला कि आउटगोइंग के लिए लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर गर्मी के कारण हीट हो जा रहा है। ट्रांसफार्मर को बचाने के लिए दो-दो फीडरों से एक-एक घंटे लाइट आपूर्ति की जा रही है। हर एक घंटे पर लाइट कटने से पूरी रात लोग उमसभरी गर्मी में परेशान रहे। वहीं चकिया त्रिमुहानी क्षेत्र में हर एक घंटे पर मिल रही बिजली आपूर्ति तीन बजे बिल्कुल ठप हो गई। देर तक लाइट नहीं आने पर लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के फोन खटखटाने आरंभ कर दिए। काफी देर बाद अधिकारियों ने बताया कि साहूपुरी स्थित पावर हाउस से आने वाले केबल में फाल्ट आ गया है। मरम्मत कार्य चल रहा है। बिजली कब तक आएगी, इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। इसके बाद लोग बिजली के आने का इंतजार करते रहे। शाम के चार बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में एक्सईएन प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण आपूर्ति में बाधा आ रही है। विभागीय कर्मचारी गड़बड़ियों को ठीक करने में जुटे रहते हैं।