नगर पंचायत खेतासराय में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते स्थानीय व्यापारी। संवाद
खेतासराय। क्षेत्र में बुधवार को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंचे विद्युत निगम के कर्मचारियों को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया।
बुधवार को दोपहर में मुख्य मार्ग स्थित बाजार में विद्युत निगम के एसडीओ सौरभ मिश्रा और जेई संजय प्रजापति के नेतृत्व में टीम दुकानों पर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची। कर्मी करीब 10 दुकानों पर मीटर लगा चुके थे, उसी बीच अन्य व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया। मौके पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। व्यापारियों ने काम रोकवाकर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय कुमार विश्वकर्मा को मौके पर बुलाया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों के साथ कार्यालय में बैठकर से इस मसले पर बात की। बैठक में तय हुआ कि स्मार्ट मीटर लगाने से पहले व्यापारियों को इसकी तकनीकी जानकारी और फायदे के बारे में बताने के लिए शिविर लगाया जाएगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने कहा कि जब तक व्यापारियों की भ्रांतियां दूर नहीं हो जाती हैं, तब तक कोई मीटर नहीं लगाया जाएगा। एसडीओ सौरभ मिश्रा ने बताया कि अगले दो दिन में क्षेत्र में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें स्मार्ट मीटर की कार्य प्रणाली, सुरक्षा और बिलिंग की जानकारी दी जाएगी। वार्ता के दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष उपेंद्र नाथ मिश्र, मनीष गुप्ता, विनीता मौर्या, राकेश मौर्या, संदीप मौर्या मुन्ना आदि मौजूद रहे।