प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में नवसृजित तहसील मुगलसराय में सोमवार को
कामकाज शुरू हो गया। अलीनगर स्थित पंडित दीन दयाल उद्यान परिसर स्थित भवन
को तहसील मुख्यालय बनाया गया है।
पहले दिन सदर एसडीएम गिरीश कुमार
शर्मा, राजस्व निरीक्षक छोटेलाल मौर्य, नायब तहसीलदार सुक्रमा प्रसाद
विश्वकर्मा, लेखपाल वासुदेव यादव समेत कई अन्य कर्मचारी भवन में बैठे और
कार्य शुरू कर दिया।
एसडीएम गिरीश कुमार शर्मा ने कहा कि भवन में सोमवार को
मात्र औपचारिकता पूरी की गई। वास्तविक कार्य यहां पर बुधवार से होगा।
मंगलवार को अधिकारी तहसील दिवस में रहेंगे। क्षेत्र के 207 गांवों के लोगों
को इस तहसील का लाभ मिलेगा।
पूर्व में सकलडीहा तहसील क्षेत्र और
मुगलसराय क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए
काफी दूरी तय कर सदर तहसील जाना पड़ता था।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विगत
21 जनवरी 2014 को रामनगर में आयोजित सभा में मुगलसराय को तहसील बनाने की
घोषणा की थी। इसको अमलीजामा पहनाते हुए प्रदेश कैबिनेट ने बीते 16 मार्च को
मुगलसराय को तहसील का दर्जा दे दिया था। उसके बाद जिला प्रशासन ने
मुगलसराय में तहसील मुख्यालय के लिए जगह ढूंढनी शुरू कर दी थी।
इसी
क्रम में सोमवार को अलीनगर स्थित पंडित दीनदयाल उद्यान में बने भवन में
तहसील का कामकाज शुरू हो गया। हालांकि अभी तक राजस्व संबंधी अभिलेखों को
यहां लाया नहीं जा सका है, जिसके चलते ग्रामीणों को करीब एक पखवारे तक
राजस्व संबंधी कार्यों के निबटारे के लिए सदर तहसील जाना पड़ेगा।
इस संबंध
में सदर एसडीएम गिरीश कुमार शर्मा ने बताया कि मुगलसराय तहसील के अंतर्गत
आने वाले गांवों के राजस्व अभिलेखों को एक हफ्ते के अंदर यहां स्थानांतरित
कर दिया जाएगा।