विधवा, विकलांग व समाजवादी पेंशन योजना में गड़बड़ी करने वाले के खिलाफ
कार्रवाई की मांग को लेकर माधोपुर की महिलाओं ने सोमवार को विकास भवन के
सामने प्रदर्शन किया।
उन्होंने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई
करने की मांग की। एडीएम शिवशंकर द्वारा पांच दिन के अंदर कर्रवाई करने का
आश्वासन देने पर प्रदर्शन कर रही महिलाएं शांत हुई।
इस मौके पर
माधोपुर की महिलाओं का कहना था कि पेंशन योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत के
बाद अधिकारियों ने जांच भी की पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप
लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कर्रवाई
नहीं हो रही है, जिससे पात्र गरीब पेंशन योजना का लाभ लेने से
वंचित हैं।
इस दौरान महिलाएं जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम से मिलकर
अपनी समस्याओं से अवगत कराने की जिद पर अड़ी हुई थी, जिसे देखते हुए एडीएम
ने कहा कि पांच दिनों के अंदर इस समस्या का निदान हो जाएगा। साथ ही पेंशन
योजना में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जांच कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई
होगी। इस अवसर पर वंदना सिंह, पूनम, नीलम आदि उपस्थित रहीं।