पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत रविनगर में किराए के मकान में रह रही महिला रेलकर्मी की मंगलवार की शाम संदिग्ध हाल में मौत हो गई। महिला किराए के मकान में दो अन्य महिला के साथ रह रही थी।
महिला के गले पर रस्सी से कसे जाने के निशान बने हैं। इससे महिला के हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के बारून गांव निवासिनी खुश्बू (32) की शादी पीडीडीयू नगर निवासी रेलकर्मी योगेन्द्र के साथ हुई थी। कोरोना काल में पति की मौत हो गई। पति के स्थान पर अनुकंपा पर खुश्बू को रेलवे के आपरेटिंग विभाग में प्वाइंटमैन के रूप में इसी वर्ष अप्रैल माह में नियुक्ति मिली। वह दो अन्य महिला रेलकर्मियों के साथ रविनगर में नरेन्द्र कुमार के मकान में किराए पर रहने लगी। खुश्बू की पांच वर्षीय बेटी अपने नाना के यहां रह रही थी। मंगलवार को तबियत खराब होने पर खुश्बू ड्यूटी नहीं गई। शाम छह बजे साथ में रहने वाली महिला रेलकर्मी डाली ने खुश्बू को फोन किया तो फोन नहीं उठा। जब डॉली मकान पर पहुंची तो बाहर का दरवाजा खुला था और खुश्बू बेड पर अचेत पड़ी थी। काफी प्रयास के बाद वह नहीं उठी तो उसने साथ में रहने वाली दूसरी कर्मी श्वेता और खुश्बू की बहन अलीनगर निवासिनी सुलेखा को फोन किया। सभी के पहुंचने पर खुश्बू को उठाकर रेलवे लोको अस्पताल गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुश्बू के गले पर नीले रंग का निशान पड़ा था। इससे आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। परिजनों की सूचना पर अलीनगर थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष श्रीवास्तव दल बल के साथ पहुंच गए। सूचना पाकर सीओ पीडीडीयू नगर अनिरूद्ध सिंह भी मौके पर पहुंचे। आरपीफ के एसआईअमरजीत सिंह भी दल बल के साथ पहुंच गए। वहीं ईसीआरकेयू के एसके बघेल सहित अन्य रेलकर्मियों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और कार्रवाई में जुट गई। खुश्बू के साथ रहने वाली दोनों महिला कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।
महिला की संदिग्ध हाल में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही उसके कमरे की तलाशी ली गई है। महिला के साथ रहने वाली कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। अनिरूद्ध सिंह, सीओ, पीडीडीयू नगर।
----